जयपुर। राजस्थान की राजधानी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन भाई-बहनों की मौत हो गई, जबकि उनकी एक बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। दूदू-मालपुरा हाईवे पर तेज रफ्तार बेकाबू कार ने बाइक सवार चार भाई-बहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार देर शाम करीब 7 बजे सेवा गांव के पास हुई। दूदू के खुड़ियाला गांव निवासी चारों भाई-बहन मूंगीथला गांव में एक शादी समारोह में मायरा भरने गए थे। शादी की रस्म पूरी करने के बाद चारों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद घायल सड़क पर तड़पते रहे और वहां मौजूद लोग मदद के लिए आगे आने के बजाय तमाशबीन बने रहे। इसी बीच मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए चारों घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।
दूदू थाना प्रभारी संजय मीणा के अनुसार, हादसे में 23 वर्षीय देशराज जाट, 19 वर्षीय दिव्या और 18 वर्षीय किस्मत की मौत हो गई। वहीं, 24 वर्षीय सिलोचना गंभीर रूप से घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।