रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत देशभर में चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) को बड़ी कामयाबी मिली है। करीब तीन साल से जांच एजेंसियों की गिरफ्त से बाहर चल रहे महादेव ऑनलाइन बुक के सह-स्वामी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर भारत लाया गया है। रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत ने उसे पूछताछ के लिए 7 दिन की ईडी हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। यह गिरफ्तारी धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 19 के तहत की गई।
ईडी ने बताया, विशेष न्यायालय रायपुर की अनुमति से सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक सात दिनों की ईडी हिरासत में भेजा है। सौरभ इस गिरोह का प्रमुख प्रवर्तक है और उसे भारत वापस लाया गया है।
जांच के अनुसार, सौरभ चंद्राकर और उसके एक अन्य सह-प्रवर्तक रवि उप्पल दुबई स्थित मुख्य कार्यालय से भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में फैले सट्टेबाजी पैनलों के फ्रेंचाइजी नेटवर्क के जरिए महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन कर रहे थे। इसके अंतर्गत विभिन्न ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटों का नेटवर्क चलाया जाता था।
ईडी के मुताबिक, सट्टेबाजी में लगाई गई रकम का लेन-देन अन्य व्यक्तियों के नाम पर खोले गए बैंक खातों के माध्यम से किया जाता था। इसके बाद इस धनराशि को हवाला के जरिए भारत से बाहर भेजा जाता था। ईडी ने 20 अक्टूबर 2023 को दायर मुख्य अभियोजन परिवाद में इस गिरोह की मासिक कमाई करीब 450 करोड़ रुपये होने का अनुमान लगाया था।
ईडी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर ने सितंबर 2023 में जारी समन का पालन नहीं किया और लगातार जांच एजेंसियों की कार्रवाई से बचता रहा। ईडी के आवेदन पर विशेष न्यायालय ने 4 सितंबर 2023 को उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद इंटरपोल ने भी ईडी के अनुरोध पर उसके विरुद्ध रेड नोटिस जारी किया।
सौरभ ने इस वारंट को चुनौती देते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे 22 मार्च 2025 को खारिज कर दिया गया था।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय पासपोर्ट धारक होने के बावजूद उसने वानुआतु का पासपोर्ट प्राप्त किया था। उसने विशेष न्यायालय के सामने यह दावा भी किया था कि 28 जून 2022 को वह भारतीय नागरिकता छोड़ चुका है।
ईडी ने भारत-ओमान प्रत्यर्पण संधि के तहत विशेष न्यायालय के माध्यम से ओमान सल्तनत को प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा था। इस प्रक्रिया के तहत राजनयिक माध्यमों से सौरभ चंद्राकर को भारत वापस लाने के प्रयास किए गए।
मस्कट की अपीलीय न्यायालय ने 8 अक्टूबर 2026 को उसके प्रत्यर्पण का आदेश दिया। भारतीय दूतावास द्वारा उसके भारतीय नागरिक होने की पुष्टि किए जाने के आधार पर न्यायालय ने नागरिकता संबंधी उसकी दलील खारिज कर दी।
ईडी के मुताबिक, कूटरचित यात्रा दस्तावेजों के आधार पर मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से प्रस्थान करते समय उसे पकड़ा गया था। इसके बाद इस तरह के मामलों की नोडल एजेंसी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम उसे 1 नवंबर 2026 को मस्कट से भारत वापस लाई। इस प्रक्रिया में ओमान सल्तनत के अधिकारियों के सहयोग के लिए ईडी ने आभार जताया है।
2,000 करोड़ की संपत्तियां जब्त या फ्रीज, 3,500 करोड़ की संपत्तियां कुर्क
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ईडी अब तक करीब 190 परिसरों की तलाशी ले चुकी है। जांच एजेंसी के अनुसार, लगभग 2,000 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां जब्त या फ्रीज की जा चुकी हैं। इसके अलावा करीब 3,500 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क की गई हैं। इनमें विदेशों में स्थित लगभग 1,800 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी शामिल हैं। दुबई की 22 अचल संपत्तियां भी जांच के दायरे में आई हैं।
ईडी ने इस मामले में अब तक 116 आरोपियों के खिलाफ कुल 12 अभियोजन परिवाद दायर किए हैं। सौरभ चंद्राकर इस मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार किया गया पहला आरोपी है।
दुबई में आलीशान शादी पर खर्च किए थे करीब 200 करोड़ रुपये
ईडी की जांच में सौरभ चंद्राकर की आलीशान जीवनशैली और कथित तौर पर सट्टेबाजी से अर्जित धन के इस्तेमाल का भी खुलासा हुआ है। जांच एजेंसी के मुताबिक, फरवरी 2023 में दुबई में आयोजित सौरभ चंद्राकर के विवाह समारोह पर करीब 200 करोड़ रुपये नकद खर्च किए गए थे।
इस भव्य समारोह के आयोजन में नागपुर से तीन टेंट निर्माता कंपनियों की सेवाएं ली गई थीं। इसके अलावा कार्यक्रम से जुड़ी कंपनियों, होटल और आयोजन स्थलों के माध्यम से हुए लेन-देन की भी जांच की गई। ईडी ने इस समारोह में शामिल अतिथियों की सूची में गिरोह के प्रबंधन से जुड़े व्यक्तियों की पहचान भी की है।
अब डिजिटल डेटा और सहयोगियों से पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
ईडी की हिरासत के दौरान सौरभ चंद्राकर से उसके सहयोगियों के बयान, डिजिटल डेटा, विदेश में संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और धनशोधन के अपराध से संबंधित साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ में सट्टेबाजी नेटवर्क, हवाला कारोबार और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।