Headlines

डुण्डेरा चोरी कांड में एक और गिरफ्तार, दिन में बंद मकानों की रेकी और रात में करते थे चोरी

दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी करने के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। ग्राम डुण्डेरा के कचरू नगर में हुई चोरी के प्रकरण में फरार चल रहे 19 वर्षीय आरोपी अजय धनकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस पहले ही 4 आरोपियों और 2 अपचारी बालकों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डुण्डेरा के कचरू नगर निवासी सदीश कुमार (46 वर्ष) ने 9 अक्टूबर 2026 को थाना उतई में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई आनंदु सुकुमारन का मकान सरस्वती मंच के पास स्थित है। भाई के विदेश में रहने और परिवार के अन्यत्र निवास करने के कारण मकान लंबे समय से बंद था।

इसी दौरान 7 और 8 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने मकान के पीछे स्थित किचन का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोर घर से एलईडी टीवी, लैपटॉप, फ्रिज, वाशिंग मशीन, पंखे, अन्य घरेलू सामान, सोने-चांदी के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित करीब 1 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए थे।

प्रार्थी की शिकायत पर उतई पुलिस ने अपराध क्रमांक 501/2026 के तहत धारा 305, 331(4), 317(2) और 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जो लंबे समय से बंद रहते थे। इसके बाद रात के समय मकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसते और कीमती सामान चोरी कर लेते थे।

चोरी किए गए सामान को अलग-अलग व्यक्तियों को बेच दिया जाता था। बिक्री से मिलने वाली रकम को आरोपी आपस में बांटकर खर्च कर देते थे। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की है।

इस मामले में पुलिस पहले ही तीन वयस्क आरोपियों और दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लेकर कार्रवाई कर चुकी थी। वहीं, एक अन्य आरोपी अजय धनकर की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने पतासाजी कर 16 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रकरण की पूर्ववर्ती कार्रवाई में चोरी के शेष सामान और बिक्री से प्राप्त 58 हजार 500 रुपये की राशि दुरपत धनकर के घर से बरामद की गई थी। बरामद सामग्री में फ्रिज, वाशिंग मशीन, सीलिंग पंखा, लैपटॉप, सोने के आभूषण और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं।

उतई पुलिस की इस कार्रवाई से सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के मामले में एक और महत्वपूर्ण कड़ी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *