Headlines

बिजली कंपनी को 4.30 करोड़ का चपत लगाया, कर्मचारी अरेस्ट

कवर्धा। जिले में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन का मामला सामने आया है। पिपरिया थाना पुलिस ने रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये के गबन के आरोप में कंपनी के कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, जांच में रवेली विद्युत वितरण केंद्र में 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये और मरका केंद्र में 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई है। दोनों केंद्रों को मिलाकर गबन की कुल राशि 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये बताई गई है।

शिकायत के आधार पर पिपरिया थाना में धोखाधड़ी, कूटरचना और गबन सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।

2019-20 से 2022-23 के बीच की गई अनियमितता

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी मनोज साहू वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में पदस्थ था। इस दौरान कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कराई गई। पूछताछ में आरोपी ने गबन से संबंधित कृत्य स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल में है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *