Headlines

दुर्ग में सूने मकानों में चोरी करने वाले बेनकाब, दो मामलों का खुलासा

दुर्ग। जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 26 वर्षीय आरोपी शेखर गुप्ता को गिरफ्तार किया है। वहीं, चोरी की दोनों घटनाओं में उसके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, चांदी के आभूषण, गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी सहित घरेलू सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल समेत करीब 1.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 13 और 14 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात चोरी की दो घटनाएं हुई थीं। पहली घटना में आरोपियों ने एक बंद मकान की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 10 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 528/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305(अ) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

वहीं, दूसरी घटना में आरोपियों ने एक अन्य बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपये नगद, गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी, गैस चूल्हा, इंडक्शन सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया था। इस मामले में अपराध क्रमांक 529/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305(1), 3(5) में अपराध दर्ज किया गया था।

लगातार हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए खुर्सीपार पुलिस ने विशेष टीम गठित की। घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई। इसी दौरान पुलिस ने शेखर गुप्ता को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें दोनों चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता सामने आई। जांच में उसके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों के शामिल होने का भी खुलासा हुआ।

ऐसे देते थे चोरी की वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक, आरोपी उन मकानों को निशाना बनाते थे, जिनमें ताला लगा होता था और जिनके खाली होने की संभावना रहती थी। रात के समय खिड़की या मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसते थे और अलमारी समेत अन्य जगहों पर रखी नगदी, आभूषण तथा घरेलू सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।

नगदी, जेवर और मोटरसाइकिल समेत सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों से 14,750 रुपये नगद, करीब 52 ग्राम चांदी के आभूषण, दो गैस सिलेंडर, एक एलईडी टीवी, दो टीन तेल, गैस चूल्हा, इंडक्शन और एक पेटी जब्त की है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक CG07 CM 7021, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है, उसे भी जब्त किया गया है। चोरी के सामान और मोटरसाइकिल सहित कुल करीब 1.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। शेष चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

गिरफ्तार आरोपी शेखर गुप्ता (26 वर्ष), निवासी एचसीएल कॉलोनी, खुर्सीपार को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को वैधानिक कार्रवाई के बाद संप्रेक्षण गृह पुलगांव भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *