रायपुर। राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की है। रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक-4 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सांस्कृतिक धरोहर के आसपास कचरा एवं गंदगी फैलाने वाले 5 दुकानदारों पर कुल 35 हजार रुपये का ई-चालान किया है। निगम की टीम ने संबंधित दुकानदारों को भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की चेतावनी भी दी है।
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार, निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन क्रमांक-4 की जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी के नेतृत्व में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह और जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार तांडी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सांस्कृतिक धरोहर के आसपास कचरा और गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसमें एलिमेंट्स 999 के संचालक अनुराग गोलछा पर 25 हजार रुपये, सुपर स्वीट्स पर 5 हजार रुपये, गुप्ता नाश्ता सेंटर पर 3 हजार रुपये, चौहान नाश्ता दुकान पर 1,500 रुपये और जिम दुकान पर 500 रुपये का ई-चालान किया गया।
इस तरह पांच दुकानदारों पर कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर निगम की टीम ने सभी संबंधित दुकान संचालकों को सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने और स्वच्छता नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।