Headlines

CM साय कल सुहेला को 459 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की देंगे सौगात

बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल तहसील मुख्यालय सुहेला के दुर्गा मैदान में आयोजित सेवा संकल्प तिहार कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे जिलेवासियों को 459 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। इनमें 142 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत के 97 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 316 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत के 178 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ भी करेंगे।

इन विकास कार्यों के माध्यम से जिले में सड़क अधोसंरचना, आवागमन और नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलने के साथ आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब होंगे।रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल,जांजगीर- चाम्पा सांसद कमलेश जांगड़े,राजयसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल,विधायक संदीप साहु, विधायक इंद्र साव,विधायक कविता प्राण लहरे,जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल,पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा,डॉ सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा, लक्ष्मी बघेल,जनपद अध्यक्ष डॉ दौलतराम पाल,जिला पंचायत सदस्य डॉ मोहन वर्मा,ईशान वैष्णव,जिला अध्यक्ष आनंद यादव,सरपंच मोंगरा धृतलहरे विशिष्ट अतिथि के रूप मे उपस्थित रहेंगे।

प्रमुख भूमिपूजन कार्य-मुख्यमंत्री साय द्वारा 316 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत के 178 विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा। इनमें विकासखंड बलौदाबाजार में 88 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से लटुआ-पनगांव बायपास मार्ग निर्माण तथा तहसील सुहेला में 23 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से सुहेला तिराहा के तीन मार्गों पर डिवाइडर एवं लाइटयुक्त सड़क निर्माण, विकासखंड सिमगा में 8 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से हथबंद से जांगड़ा सड़क निर्माण, विकासखंड भाटापारा में 6 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से दतरेंगा से बिजराडीह तक पुल-पुलियों सहित 6.20 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा 5 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से तुरमा से खैरी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन प्रमुख हैं।

प्रमुख लोकार्पण कार्य-मुख्यमंत्री द्वारा कुल 142 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत के 97 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से विकासखंड भाटापारा में 65 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा 9 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से भाटापारा-सुहेला-हिरमी-मोहरा मार्ग का डामरीकरण एवं मजबूतीकरण शामिल है।इसी तरह विकासखंड पलारी में 3 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन निर्माण, विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम घुलघुल में 3 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से मल्लीन नाला पर स्टॉपडेम निर्माण तथा विकासखंड कसडोल के ग्राम मटिया में 3 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से मटिया नाला पर स्टॉपडेम निर्माण कार्य का लोकार्पण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री की इस सौगात से जिले में विकास कार्यों को गति मिलेगी। विशेष रूप से सड़क संपर्क मजबूत होने से आवागमन सुगम होगा तथा शिक्षा, रोजगार और ग्रामीण अधोसंरचना के क्षेत्र में भी नए अवसर सृजित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *