दुर्ग। नेशनल हाईवे पर स्थित सुपेला ओवरब्रिज से आवागमन करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। ओवरब्रिज पर सस्पेंशन की मरम्मत का कार्य किए जाने के चलते 19 नवंबर से यातायात व्यवस्था में आंशिक बदलाव किया जाएगा। यातायात पुलिस दुर्ग के अनुसार, मरम्मत कार्य कल सुबह 6 बजे से शुरू होगा। इस दौरान रायपुर से दुर्ग की ओर जाने वाला सुपेला ओवरब्रिज मार्ग वन-वे रहेगा। वहीं, भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
यातायात पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक, मरम्मत कार्य के दौरान छोटे चारपहिया वाहनों और अन्य हल्के वाहनों का आवागमन निर्धारित ओवरब्रिज मार्ग से जारी रहेगा। जबकि भारी वाहनों को मजार के पास से सर्विस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह मार्ग आगे प्रदर्शनी परिसर के पास नेशनल हाईवे से जुड़ जाएगा। भारी वाहन चालकों को इसी निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा।
वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था में किए गए अस्थायी बदलाव को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। मरम्मत कार्य के दौरान कार्यस्थल पर अनावश्यक रूप से रुकने, जल्दबाजी करने और ओवरटेक करने से बचें।
पुलिस ने विशेष रूप से भारी वाहन चालकों को निर्धारित सर्विस रोड का ही उपयोग करने की हिदायत दी है। साथ ही मौके पर तैनात यातायात पुलिस के जवानों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान आवागमन सुरक्षित और सुगम बना रहे।