रायपुर। राजधानी में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन महिलाओं ने ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली एक गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर रायपुर बुलाया। इसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने की योजना बनाई गई। महिला के विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया और प्रसव के बाद नवजात शिशु समेत बंधक बनाकर रखने का आरोप है। मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी उनकी संलिप्तता से जुड़ी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के डीसीपी पश्चिम क्षेत्र की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से सुंदरगढ़ (ओडिशा) की निवासी है। गर्भावस्था के दौरान उसका संपर्क रायपुर की रहने वाली कृतिका साहू से हुआ था। कृतिका ने उसे निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का भरोसा दिलाया और रायपुर बुला लिया। रायपुर पहुंचने के बाद कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या नाम की महिलाओं से कराई। इसके बाद गर्भवती महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।

नवजात बच्चे को बेचने के बदले मोटी रकम का दिया लालच
पुलिस के मुताबिक, तीनों महिलाओं ने पीड़िता की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश की। उसे प्रलोभन दिया गया कि उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने पर मोटी रकम मिल सकती है। हालांकि, महिला ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि 4 नवंबर 2026 को प्रसव होने के बाद महिला को नवजात शिशु के साथ दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया और वहां बंधक बनाकर रखा गया। महिलाओं ने उसे धमकी दी कि प्रसव के दौरान हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला की सहमति के बिना नवजात शिशु को बेचने का प्रयास किया।

शिकायत के बाद तीनों महिलाएं गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारी आजाद चौक को आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कृतिका साहू (34 वर्ष), अहिल्या नामदेव (40 वर्ष) और गीतिका नाग (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों से मामले में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
अन्य नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का भी खुल सकता है मामला
इस प्रकरण में सबसे गंभीर पहलू यह है कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता से जुड़ी जानकारी दी है। इसके बाद पुलिस संभावित नेटवर्क, अन्य शामिल व्यक्तियों और पूर्व में हुई घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जिस भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ जारी है।