Headlines

​कांग्रेस में आंतरिक कलह और गुटबाजी चरम पर : संतोष पाण्डेय

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने प्रदेश कांग्रेस की वर्तमान स्थिति और सांगठनिक बदलावों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से द्वेष, क्लेश, कलह और गुटबाजी में फँस चुकी है। पाण्डेय ने कांग्रेस नेताओं की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर “अपनी ढफली, अपना राग, अपना नगाड़ा, अपना फाग” जैसी स्थिति बनी हुई है।

भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता श्री पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस में किसी भी नेता के बीच आपसी समन्वय नहीं है और हर कोई अपनी अलग दिशा में चल रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का उल्लेख करते हुए पाण्डेय ने कहा कि भूपेश बघेल और ताम्रध्वज साहू एक ही डाल पर नजर आ रहे हैं, जबकि देवेंद्र यादव राजनीतिक रूप से डाउनफॉल (पतन) की ओर हैं।

भिलाई की राजनीति और आपसी खींचतान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में “हमारी बिल्ली, हमीं से म्याऊँ” के हालात पैदा हो गए हैं, जहाँ नेता एक-दूसरे को ही घेरने और नीचा दिखाने में लगे हुए हैं।

भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता पाण्डेय ने हाल ही में कांग्रेस संगठन द्वारा किए गए बदलावों और तीन प्रभारी सचिवों को हटाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तीन प्रभारी सचिवों की छुट्टी कर दी गई है, जो पार्टी की अस्थिरता को दर्शाता है। पाण्डेय ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि लगातार गिरते जनाधार और अंदरूनी बिखराव से उबरने के लिए कांग्रेस नेतृत्व को अब “मुगली घुट्टी 555” पीने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *