Headlines

कांकेर में GST अफसर ACB की रडार में

कांकेर जिले में ACB जगदलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेट GST विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि उन्होंने ई-वे बिल से जुड़े मामले में कारोबारी का वाहन छोड़ने और प्रकरण में राहत देने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। इस मामले में मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले इमरान मेमन का नाम भी सामने आया है।

ACB से मिली जानकारी के मुताबिक, कांकेर निवासी कारोबारी शोएब रंगरेज ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि स्टेट GST विभाग में पदस्थ सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने ई-वे बिल से संबंधित मामले में उनका वाहन रोक दिया था। वाहन रिलीज कराने और प्रकरण में राहत दिलाने के बदले उनसे डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़वाने के लिए ACB से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो की टीम ने रिश्वत मांगने से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद आज ACB जगदलपुर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

निर्धारित कार्रवाई के दौरान टीम ने अंचला गिरी को उनके निवास पर डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत राशि के साथ पकड़ लिया। ACB के अनुसार, यह रकम मध्यस्थ इमरान मेमन के जरिए प्राप्त की गई थी।

आय से अधिक संपत्ति के संदेह में आवास पर तलाशी

ट्रैप कार्रवाई के बाद ACB ने अधिकारी के आवास पर आय से अधिक संपत्ति के संदेह में तलाशी शुरू कर दी है। फिलहाल ब्यूरो की टीम मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। कार्रवाई के संबंध में आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *