बिलासपुर। बिल्हा क्षेत्र में सेवा सहकारी समिति के चेक और कार्यवाही प्रस्ताव में काट-छांट कर 3 लाख 38 हजार रुपये का अतिरिक्त आहरण करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा के दो कर्मचारी और सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा क्रमांक 63 के प्राधिकृत अधिकारी सह-अध्यक्ष शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शिकायतकर्ता राजकुमार बरगाह ने 26 सितंबर को थाना बिल्हा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि समिति के कार्यवाही प्रस्ताव के अनुसार तीन चेकों के माध्यम से क्रमशः 51,900 रुपये, 1 लाख 82 हजार 80 रुपये और 80 हजार 150 रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। आरोप है कि हस्ताक्षर के बाद चेकों में ओवरराइटिंग और कूटरचना कर इन राशियों को बढ़ा दिया गया।
शिकायत के मुताबिक, 51,900 रुपये को बढ़ाकर 89,900 रुपये, 1 लाख 82 हजार 80 रुपये को 2 लाख 82 हजार 80 रुपये और 80 हजार 150 रुपये को 2 लाख 80 हजार 150 रुपये कर दिया गया। इस तरह कथित तौर पर चेकों में हेराफेरी कर कुल 3 लाख 38 हजार रुपये का अतिरिक्त आहरण किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय ने काट-छांट किए गए चेक को पास किया और हस्ताक्षर किए। वहीं, कैशियर संजय सिंह बघेल ने चेक को निरस्त करने के बजाय उसके आधार पर नकद राशि निकालकर आरोपी को दे दी।
पुलिस के अनुसार, सेवा सहकारी समिति गुमा के प्राधिकृत अधिकारी सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह की भी मामले में भूमिका सामने आई है। पुलिस का आरोप है कि समिति के कार्यवाही प्रस्ताव में की गई काट-छांट की जांच नहीं की गई। जांच में तीनों आरोपियों की मिलीभगत से कथित आपराधिक षड्यंत्र कर कूटरचित चेक और दस्तावेजों के आधार पर अतिरिक्त राशि आहरित करने की बात सामने आई।
पुलिस ने पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आज ऋषिकेश पाण्डेय (46 वर्ष), संजय सिंह बघेल (39 वर्ष) और राजकुमार बरगाह (48 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तीनों के खिलाफ बिल्हा थाने में अपराध क्रमांक 512/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(2), 336(3), 338, 340(2), 61(2) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इसी केस में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा के सुपरवाइजर हितेश सलूजा और शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक को उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिलने के बाद गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया था। मामले की जाँच जारी है।