Headlines

रायपुर में अभिनेता राहुल बोस ने रग्बी और भारतीय खेलों के भविष्य पर की चर्चा

रायपुर। प्रसिद्ध अभिनेता, सामाजिक कार्यकर्ता और रग्बी इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल बोस शनिवार को रायपुर प्रेस क्लब के विशेष संवाद कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से खुलकर बातचीत की और रग्बी खेल के विकास, युवाओं की प्रतिभा, महिला खिलाड़ियों की भागीदारी तथा ओलंपिक में भारत की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में राहुल बोस ने भारत में रग्बी खेल की संभावनाओं और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत पर चर्चा की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में आयोजित अस्मिता रग्बी स्टेट लीग की सराहना करते हुए कहा कि महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण हैं।

11 साल तक भारतीय रग्बी टीम का किया प्रतिनिधित्व

राहुल बोस भारतीय रग्बी टीम के खिलाड़ी के रूप में 11 वर्षों तक देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2009 में खेल से संन्यास लेने के बाद भी वे रग्बी के विकास से जुड़े रहे। वर्ष 2021 में रग्बी इंडिया के अध्यक्ष बनने के बाद से वे देश में इस खेल को लोकप्रिय बनाने, युवा प्रतिभाओं को अवसर देने और प्रतियोगिताओं के विस्तार के लिए काम कर रहे हैं।

उन्होंने रग्बी को रोमांचक और चुनौतीपूर्ण खेल बताते हुए इसे देश के हर वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। भारतीय महिला रग्बी टीम की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों और ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन की संभावनाओं पर भी उन्होंने सकारात्मक विचार रखे। वर्ष 2032 के ओलंपिक को भारतीय रग्बी के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण लक्ष्य बताया।

फिल्मों में अब चरित्र भूमिकाओं की तलाश

अपने फिल्मी करियर पर बात करते हुए राहुल बोस ने बताया कि उन्हें अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाना पसंद है। उन्होंने कहा कि दो कॉमेडी फिल्मों में काम करने के बाद अब वे चरित्र अभिनय वाली भूमिकाओं की तलाश में हैं। उनकी दो नई फिल्में जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाली हैं।

उन्होंने पत्रकारों को फिट रहने के लिए खेल और व्यायाम जैसी गतिविधियों को नियमित जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह भी दी।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम के जरिए प्रेस क्लब पत्रकारों को विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध कराता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *