Headlines

छोटी बहन की सहेली के घर से लाखों के जेवर चोरी, युवती गिरफ्तार

राजनांदगांव। छोटी बहन की सहेली के घर लगातार आना-जाना एक युवती को चोरी का मौका दे गया। भरोसे का फायदा उठाकर उसने घर की अलमारी में रखे 2 लाख 20 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी युवती ने पहले अपनी छोटी बहन और उसकी सहेली को सामान लाने के बहाने स्कूटी देकर पुराने बस स्टैंड भेज दिया। दोनों के घर से बाहर जाते ही उसने अलमारी में रखे कीमती जेवरात पार कर दिए। मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय युवती को गिरफ्तार कर चोरी के सभी जेवरात बरामद किए हैं।

मामला राजनांदगांव के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को प्रार्थिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे उसके लखोली बैगापारा स्थित मकान की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिए हैं। चोरी गए सामान में चांदी की पायल, राजाबाड़ा पायल, सोने का लॉकेट, सोने के तीन जोड़ी टॉप्स सहित अन्य आभूषण शामिल थे। इनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई।

शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 681/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

पहले स्कूटी देकर भेजा, फिर अलमारी से पार किए जेवर

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की। मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को श्रेया रानी भीमगंज (21 वर्ष) पर संदेह हुआ। जांच में सामने आया कि वह अपनी छोटी बहन की सहेली के घर अक्सर आती-जाती थी।

घटना वाले दिन भी वह अपनी छोटी बहन के साथ सहेली के घर पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से अपनी छोटी बहन और उसकी सहेली को कुछ सामान लाने के बहाने अपनी स्कूटी देकर पुराने बस स्टैंड भेज दिया। दोनों के घर से बाहर जाते ही उसने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और वहां से चली गई।

आरोपी के कब्जे से 2.20 लाख के जेवर बरामद

पुलिस ने संदेह के आधार पर श्रेया रानी भीमगंज पिता स्वर्गीय विद्याभूषण, निवासी शंकरपुर शिवानंद चौक, ओपी चिखली, जिला राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 2 लाख 20 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर जब्त किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *