Headlines

रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री का मामला, छठी गिरफ्तारी के बाद एक और आरोपी पकड़ा गया

रायपुर। राजधानी में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। आजाद चौक थाना पुलिस ने इस मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी जितेन्द्र खेतान (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि पहले गिरफ्तार आरोपी कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र खेतान को बेचा था। बच्ची के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश कर विधिवत दस्तयाब किया। फिलहाल बच्ची की सुरक्षा और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए उसे मातृछाया में रखा गया है।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के डीसीपी पश्चिम क्षेत्र द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आजाद चौक थाना में अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत धारा 140(3), 143(4), 318(4) एवं 61 बीएनएस में मामला दर्ज है। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूर्व में गिरफ्तार कृतिका साहू सहित अन्य महिला आरोपियों से पूछताछ के दौरान जितेन्द्र खेतान की संलिप्तता सामने आई थी।

पुलिस ने प्राप्त तथ्यों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जितेन्द्र खेतान की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उससे नवजात बच्ची के संबंध में वैधानिक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसके संरक्षण की व्यवस्था की।

अन्य नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क की भी जांच

पुलिस के मुताबिक, विस्तृत पूछताछ और विवेचना में यह महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आए हैं कि आरोपी जितेन्द्र खेतान अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में भी शामिल रहा है। इस अवैध गतिविधि को आरोपी गीतिका नाग और कृतिका साहू के माध्यम से अंजाम दिए जाने संबंधी जानकारी मिली है।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। इसमें अन्य बच्चों की खरीद-बिक्री, आरोपियों के आपसी संपर्क और इस पूरे मामले में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *