Headlines

ChatGPT से एडिट की अश्लील तस्वीरें, फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवती को किया बदनाम, आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर युवती की अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है। चिखली चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए 26 वर्षीय आरोपी पूनम चंद वर्मा को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बालक के साथ मिलकर ChatGPT की मदद से फोटो और वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए थे। घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को पीड़िता ने चौकी चिखली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई है और उस पर उसकी अश्लील फोटो स्टोरी में लगाई जा रही हैं। इसके अलावा पीड़िता के दोस्तों को भी ये तस्वीरें भेजी जा रही थीं। आरोपी लगातार इंस्टाग्राम अकाउंट का यूजरनेम बदल रहा था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 79 बीएनएस तथा धारा 67 और 67(ए) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में चिखली चौकी एवं साइबर सेल की टीम गठित की गई।

ChatGPT से एडिट कर बनाई अश्लील फोटो-वीडियो

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आरोपी पूनम चंद वर्मा तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने बालक के मोबाइल में ChatGPT के माध्यम से फोटो और वीडियो एडिट किए थे। इसके बाद पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर अश्लील सामग्री लोगों को भेजी गई और स्टेटस पर भी लगाई गई।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी पूनम चंद वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। आदेशानुसार आरोपी को जेल तथा बालक को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *