रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे ने अपने ही पिता की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। घटना बीते कल 24 नवंबर की रात की है। शराब पीने की बात को लेकर पिता और बेटे के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद सरपंच के घर शिकायत करने जा रहे माता-पिता पर आरोपी बेटे ने हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी राजकुमार गिरी (36 वर्ष) को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे परिवार के सभी सदस्य घर पर मौजूद थे। इसी दौरान राजकुमार गिरी शराब के नशे में घर पहुंचा। उसके पिता धरम उर्फ श्रवण गिरी (65 वर्ष) ने उसे समझाइश देते हुए कहा कि पूजा-पाठ का दिन होने के बावजूद वह शराब पीकर घर आया है। पिता ने घर चलाने के लिए पैसे नहीं होने के बावजूद रोज शराब पीने पर भी नाराजगी जताई।
इसी बात को लेकर राजकुमार आक्रोशित हो गया और अपने पिता के साथ मारपीट करने लगा। इसके बाद रात करीब 9 बजे धरम गिरी अपनी पत्नी के साथ घटना की शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे।
सरपंच के घर के गेट के पास किया हमला
पुलिस के मुताबिक, जब माता-पिता सरपंच के घर के गेट के पास पहुंचे, तभी पीछे से टंगिया लेकर आए आरोपी राजकुमार ने उन्हें रोक लिया। शिकायत करने जाने की बात पर गुस्से में उसने अपने पिता के सिर पर टंगिया से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से धरम गिरी जमीन पर गिर पड़े।
इसके बाद भी आरोपी ने उनके सिर और पीठ पर टंगिया से कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, फॉरेंसिक टीम, थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव और पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
खरसिया थाने में आरोपी राजकुमार गिरी के खिलाफ अपराध क्रमांक 604/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर जाँच शुरू की गई है। पुलिस टीम ने फरार होने की फिराक में रहे आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
