जशपुर। छत्तीसगढ़ में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कुंजारा गांव में 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण किया। इस प्लांट से कुंजारा ग्राम पंचायत हर साल बिजली उत्पादन के जरिए आय अर्जित करेगी।
मुख्यमंत्री साय ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सोलर प्लांट से प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। इससे ग्राम पंचायत को सालाना करीब 18.75 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है।
सौर ऊर्जा से आय अर्जित करने वाली पहली ग्राम पंचायत बनेगी कुंजारा
मुख्यमंत्री के अनुसार, कुंजारा ग्राम पंचायत सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन कर आय अर्जित करने वाली छत्तीसगढ़ की पहली ग्राम पंचायत बनने जा रही है। यह पहल गांवों को केवल बिजली का उपभोक्ता बनाए रखने के बजाय उन्हें ऊर्जा उत्पादन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि गांव सौर ऊर्जा का उत्पादन कर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनें। इससे ग्राम पंचायतों को आय का नया स्रोत मिलेगा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहन मिलेगा।