दुर्ग। मिनी स्टेडियम बैगापारा में 29 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक पंडित युवराज पाण्डेय की कथा आयोजित होगी। कथा में आने वाले श्रद्धालुओं और वाहन चालकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट और पार्किंग प्लान जारी किया है। आयोजन समिति की ओर से कथा स्थल तक पहुंचने के लिए सभी मार्गों पर नि:शुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की गई है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, चंडी मंदिर और कंकालिन मंदिर की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग पटेल बड़ी, बैगापारा में रहेगी। पटेल चौक, बस स्टैंड और मान होटल की ओर से आने वाले वाहनों को शिव चंद्राकर, खान बाड़ी और कशेर बाड़ी, शिक्षक नगर में पार्क किया जाएगा। शंकर नगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए हरना बांधा मुक्तिधाम के पास पार्किंग निर्धारित की गई है। कथा स्थल के नजदीक दोपहिया वाहनों की पार्किंग चंद्राकर ट्रेडर्स और पानी टंकी के पास रहेगी। वीआईपी पार्किंग तिलक स्कूल और उसके सामने बनाई गई है।
कंकालिन मंदिर से कथा स्थल और मान होटल से कथा स्थल तक वनवे व्यवस्था लागू रहेगी। कथा समाप्त होने के समय सभी पार्किंग स्थलों से निकलने वाले वाहन शंकर नगर, गिरधारी नगर और गया नगर के रास्ते बाहर निकलेंगे।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित रूट और पार्किंग प्लान के अनुसार आवागमन करने की अपील की है। वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और मुख्य मार्गों पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करते हुए सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।