कुरूद। नगर पंचायत कुरुद को सांस्कृतिक अधोसंरचना के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर के विशेष प्रयास से नगरीय प्रशासन विभाग ने बाईपास रोड स्थित जे.डी. कॉलोनी के समीप 3.07 .07 लागत से करोड़ की सर्वसुविधायुक्त रंगमंच एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से नगर में बड़े स्तर के आयोजनों के लिए लंबे समय से चली आ रही एक सुव्यवस्थित मंच की कमी दूर होगी।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि कुरुद के सांस्कृतिक गौरव को निखारने के लिए एक आधुनिक रंगमंच की नितांत आवश्यकता थी। यहां न केवल स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों की मेजबानी भी संभव हो सकेगी। उन्होंने प्रशासन को कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
परियोजना के क्रियान्वयन हेतु तकनीकी एवं निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। निविदा समिति कीअनुशंसा पर मेसर्स श्री श्याम कंस्ट्रक्शन, भिलाई को कार्य आदेश जारी किया गया है। कुल लागत में से लगभग 2.87 करोड़ मुख्य निर्माण कार्यों पर तथा 20 लाख नॉन एस.ओ.आर. मद में व्यय किए जाएंगे। शासन द्वारा 2.90 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है, जबकि शेषअंतर की राशि नगर पालिका परिषद अपने स्वयं के कोष से वहन करेगी।
यह रंगमंच नगर की पहचान बनेगा : ज्योति
नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने इस सौगात के लिए विधायक के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय नेतृत्वकर्ता विधायक चंद्राकर के नेतृत्व में कुरुद विकास का नया आयाम स्थापित कर रहा है। यह रंगमंच नगर की पहचान बनेगा और जनसुविधाओं में विस्तार करेगा। इस घोषणा के बाद से स्थानीय नागरिकों और कला प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। प्रशासन जल्द ही भूमिपूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने की तैयारी में है।
