लाभांडी में 6 चक्का ट्रक से 1 करोड़ 20 लाख का गांजा जब्त, ड्राइवर बाप और हेल्पर बेटा गिरफ्तार

रायपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं सुनियोजित अभियान चलाते हुए नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में आज एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि मंदिरहसौद की ओर से रायपुर आ रही एक 06 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर तस्करी की जा रही है।

प्राप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) श्री तारकेश्वर पटेल द्वारा सूचना का तत्काल सत्यापन कर आरोपियों की पतासाजी करते हुए गांजा सहित गिरफ्तार करने के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए गए।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर थाना तेलीबांधा क्षेत्र अंतर्गत लाभाण्डी स्थित अग्रसेन धाम के आगे सर्विस रोड पर नाकेबंदी की गई।

कुछ समय पश्चात मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये का 06 चक्का अशोक लीलैण्ड ईको मेन ट्रक क्रमांक डब्ल्यू.बी. 23 जी 1390 आता दिखाई दिया, जिसे टीम द्वारा घेराबंदी कर रोक लिया गया।ट्रक में कुल दो व्यक्ति सवार थे, जिनसे पूछताछ करने पर व्यक्तियों ने अपना नाम मोहम्मद लाल एवं मोहम्मद रूस्तम निवासी जिला बैकरपुर पश्चिम बंगाल का होना बताने के साथ ही स्वयं को रिश्ते में पिता-पुत्र होना भी बताया गया। संदेह के आधार पर टीम द्वारा ट्रक की गहन तलाशी ली गई। ट्रक के डाले में भारी मशीन लोड होने के कारण कुछ भी संदिग्ध प्रतीत नहीं हुआ, किन्तु पुलिस टीम द्वारा बारीकी से निरीक्षण करने पर भारी मशीन के नीचे एवं उसके बीच में छिपाकर रखी गई बोरियां मिलीं। बोरियों की जांच करने पर उनमें अलग-अलग पैकेटों में गांजा रखा होना पाया गया। पूछताछ करने पर दोनों गोलमोल जवाब देकर टीम को गुमराह करने का प्रयास करने लगे। जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जब्त गांजा की कीमत 01 करोड़ 20 लाख रूपये हैं। आरोपी मोहम्मद लाल पिछले लगभग 25 वर्षों से ट्रक परिवहन (ट्रांसपोर्ट) व्यवसाय से जुड़ा हुआ है तथा कोलकाता से विभिन्न प्रकार का कच्चा माल लेकर ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ के रास्ते मुंबई तथा मुंबई से कोलकाता तक परिवहन का कार्य करता है। पूछताछ में आरोपी द्वारा ओडिशा के सुहेला क्षेत्र से गांजा लेकर नागपुर तस्करी करना बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *