धमतरी। जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिहावा पुलिस ने 12 अगस्त 2026 को सार्वजनिक स्थानों पर “काटपत्ती” जुआ खेल रहे 10 जुआरियों को अलग-अलग दो मामलों में रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6,730 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पहली कार्रवाई ग्राम सेमरा गौठान में स्ट्रीट लाइट के नीचे की गई, जहां पुलिस ने छन्नू लाल साहू (39) और वेद कुमार नेताम (26) को जुआ खेलते पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 530 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
मामले में अपराध क्रमांक 62/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ निवारण अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।दूसरी कार्रवाई ग्राम रतावा के गौरा चौक में हुई। यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेल रहे सोनसाय नेताम, जीतेन्द्र कुमार नेताम, सिवन नेताम, केशव नेताम, सोनऊ राम नेताम, गुलाब सिंह ठाकुर, महेश पल्ली और लीलेश्वर पवार को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
इनके कब्जे से 6,200 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद हुई। इस मामले में अपराध क्रमांक 64/26 के तहत धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ निवारण अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई।दोनों मामलों में कुल 10 जुआरियों की गिरफ्तारी कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा सहित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे मामलों में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।