Headlines

रायपुर में रातभर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर किया बड़ा खुलासा, नशीली गोलियां और अवैध शराब जब्त

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पुलिस ने रात्रि गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाकर नशीले पदार्थ, अवैध शराब और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की।गोलबाजार थाना पुलिस ने बाँस टाल शीतला मंदिर के पास चेकिंग के दौरान दो युवकों अनुराग साहू (21) और सोमेश साहू (24) को पकड़ा।

दोनों टिकरापारा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। उनके कब्जे से नाइट्रोजेपाम की 157 टैबलेट बरामद हुईं।

मामले में NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।वहीं मौदहापारा थाना पुलिस ने होटल आदित्य के सामने बार से अवैध रूप से शराब निकालकर बिक्री करने के आरोप में अमित सिंह (27) को पकड़ा।

उसके कब्जे से 9 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब की 12 बोतलें बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 10,880 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

इसी दौरान होटल आदित्य के पास वाहन चेकिंग में CG 04 HD 8000 के चालक के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किया गया।गंज थाना पुलिस ने छीना-झपटी की घटनाओं के संबंध में संदिग्ध तबरेज़ बेक (18) को पकड़कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।

वहीं कोतवाली थाना पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त सूजल बाला उर्फ समय (24) के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।इसके अलावा बैजनाथपारा क्षेत्र में रात्रिकालीन चेकिंग के दौरान ब्लैक फिल्म लगे वाहनों की जांच की गई। नियम विरुद्ध पाए गए वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई और संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की सघन जांच की गई।

यह पूरी कार्रवाई डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन तथा एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में की गई।

अभियान में संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।सेंट्रल जोन पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य अपराध की रोकथाम के साथ-साथ नशीले पदार्थों, अवैध शराब, छीना-झपटी जैसी घटनाओं और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *