ससुराल पहुंचकर विवाद, जो सामने आया उसे चाकू मारने लगा दामाद, ससुर की मौत

यूपी। लखीमपुर खीरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक युवक ने सुसराल आकर ससुर और पत्नी पर चाकुओं से हमला कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जहां इलाज के दौरान ससुर की मौत हो गयी। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की तफ्तीश में जुट गई।

ये घटना फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के सैदीपुर खुर्द गांव का है। यहां रहने वाले 60 साल के सोहन लाल ने अपनी बेटी सुमित्रा देवी की शादी साल 2010 में बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र के रहने वाले लाल बिहारी के बेटे मुकेश के साथ की थी। बताया जाता है बीते तीन-चार महीने पहले दामाद का पत्नी से कुछ विवाद हो गया। जिसके बाद पत्नी सुमित्रा मायके आकर पिता के पास रहने लगी थी। पत्नी ने पति के खिलाफ कोर्ट मे मुकदमा कर दिया। जिसमें अगली तारीख 25 अगस्त लगी थी।

इस बीच दामाद मुकेश सैदीपुर स्थित अपनी ससुराल पहुंचा और पत्नी से चलने को कहा। ससुर ने 25 अगस्त को कोर्ट से भेजने की बात कही। इसी को लेकर ससुर और दामाद में विवाद होने लगा। इसी दौरान दामाद ने ससुर पर चाकुओं से हमला कर दिया। बचाने आई पत्नी पर भी हमला कर घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने सोहन लाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुमित्रा का इलाज चल रहा है। उधर, सूचना पाकर मौके पर सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह, प्रभारी निरीक्षक फूलबेहड़ संतोष कुमार सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *