लूट का माल बेचने निकले तीन शातिर धमतरी शहर में गिरफ्तार, सोने का लॉकेट बरामद

धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने लूट की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट का सोने का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त चाकू एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AT 3357 बरामद कर जब्त की गई है।
घटना का विवरण

16 अगस्त 2026 को गौतम नागरची निवासी मौरीकला, अपनी पत्नी के साथ बठेना अस्पताल धमतरी गया था। अस्पताल से वापस लौटने के बाद वह अपनी साली के लिए खाना लेकर पुनः बठेना अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान करीब 04:00 बजे गोपाला अस्पताल के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोककर सब्जी काटने वाले चाकू का भय दिखाया और उसके गले में पहना सोने का लॉकेट लूटकर फरार हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 192/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। शिकायत के बाद से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिए गए निर्देशों के पालन में सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा लगातार संदिग्धों की पतासाजी की जा रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AT 3357 से आमातालाब रोड, यादव भवन के पास सोने का लॉकेट बेचने के लिए घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा।

पूछताछ एवं विधिवत कार्रवाई के दौरान आरोपियों की शिनाख्तगी की कार्यवाही कराई गई, जिसमें प्रार्थी द्वारा आरोपियों की पहचान की गई। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर लूट का सोने का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त चाकू एवं मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जब्त की गई।

लुटेरों में विक्कु, चेतन नेताम उर्फ आदित्य नेताम और खिलावन साहू उर्फ बदे शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *