राजस्थान। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा स्वाइन फ्लू यानी H1N1 वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के मेडिकल आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है. मंत्री की तबीयत को लेकर अस्पताल प्रशासन उन पर लगातार नजर बनाए हुए है.
इसी बीच देश की राजधानी दिल्ली में भी स्वाइन फ्लू और मौसमी इन्फ्लूएंजा के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिसके चलते वहां की रेखा गुप्ता सरकार भी सतर्क हो गई है.
दरअसल, दिल्ली में इन्फ्लूएंजा के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को एक इमरजेंसी समीक्षा बैठक बुलाई थी. यह बैठक स्वास्थ्य विभाग, दिल्ली नगर निगम, NDMC और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की गई.
बैठक के बाद दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस साल दिल्ली में इन्फ्लूएंजा के करीब 3,000 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 2,308 मामले H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के हैं. उन्होंने साफ किया कि दिल्ली में डॉक्टरों, स्टाफ या दवाइयों की कोई कमी नहीं है और हालात पूरी तरह काबू में हैं.