यूपी। गोरखपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक ट्रेन से अचानक 500 रुपये के नोट उड़ने लगे। दरअसल, पीपीगंज रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह अचानक पांच-पांच सौ रुपये के नोट हवा में उड़ने लगे तो लोगों को कुछ देर के लिए यकीन ही नहीं हुआ कि उनकी आंखों के सामने क्या हो रहा है।
स्टेशन पर मौजूद लोगों में रुपये बटोरने की होड़ मच गई। देखते ही देखते लोग रेललाइन और आसपास दौड़ पड़े। जिसे जहां जितने नोट मिले, लेकर चलता बना।दरअसल, गोरखपुर से पनवेल मुंबई जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन गुरुवार सुबह करीब छह बजे पीपीगंज रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। ट्रेन का यहां ठहराव नहीं है। इसी दौरान चलती ट्रेन से रुपये से भरा एक पैकेट नीचे गिरने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि पैकेट पॉलीथिन में रखा था।
नीचे गिरते ही पॉलीथिन खुल गई और उसमें रखे पांच सौ रुपये के नोट हवा में उड़ने लगे। स्टेशन सूत्रों के अनुसार, किसी यात्री ने अपने परिचित को रुपये देने के लिए पॉलीथिन में बांधकर चलती ट्रेन से पैकेट नीचे फेंकने का प्रयास किया था। इसी दौरान पॉलीथिन खुल गई। हालांकि, रुपये किसके थे, कुल कितनी रकम थी और जिसे रुपये दिए जाने थे, वह व्यक्ति स्टेशन पर मौजूद था या नहीं, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी। रेलवे या पुलिस की ओर से कोई जानकारी सामने नहीं आई है।