इंसानी मांस खाने वाली महिला गिरफ्तार, जलती चिता के पास अशोभनीय हरकत की थी

उज्जैन। उज्जैन में खुद को अघोरी बताने वाली एक महिला का चौंकाने वाला वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने श्मशान घाट में जलती चिता से इंसानी मांस निकालकर खाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान काली नंद गिरी के रूप में हुई है। वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती है और खुद को ‘लेडी अघोरी’ बताती है। उसके कई वीडियो धार्मिक स्थलों और मंदिरों में बनाए गए हैं, जिनमें वह आध्यात्मिक अनुष्ठानों और सनातन धर्म से जुड़ी बातें करती नजर आती है।

तलवार से चिता से मांस निकालने का आरोप

सोशल मीडिया पर सामने आए कथित वीडियो में महिला हाथ में तलवार लेकर जलती हुई चिता के पास खड़ी दिखाई देती है। इसके बाद वह तलवार की मदद से चिता से मांस का एक टुकड़ा निकालती हुई नजर आती है। वीडियो में बाद में वह उस मांस को खाते हुए दिखाई देती है। वीडियो सामने आने के बाद उज्जैन के जीवाजीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। श्मशान घाट में रहने वाले विष्णुनाथ महाराज की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 301 के तहत मामला दर्ज किया है।

15 दिन की न्यायिक हिरासत

उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के अनुसार, पुलिस ने आरोपी महिला को मंगलवार को गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद उसे 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब महिला की पूरी पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। साथ ही उसके संपर्कों, गतिविधियों और आय के स्रोतों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

धोखाधड़ी के आरोपों की भी जांच

पुलिस को यह भी शिकायतें मिली हैं कि आरोपी ने तेलंगाना में एक छात्रा के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी की थी। इसके अलावा एक अन्य महिला से तांत्रिक अनुष्ठान कराने के नाम पर कथित तौर पर 10 लाख रुपये लिए जाने की शिकायत भी सामने आई है।

पुलिस इन शिकायतों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही इन आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *