राजस्थान। अलवर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने स्कूल, शिक्षक और बच्चों की सुरक्षा- तीनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कहानी एक सरकारी स्कूल की है. तारीख 15 अगस्त की है. स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम हुआ. इसके बाद बच्चों को घुमाने और तैराकी सिखाने के नाम पर करीब दो किलोमीटर दूर एक बांध तक जाया गया, लेकिन वहां जो हुआ, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वीडियो में स्कूल का प्रिंसिपल छात्राओं के साथ बांध के पानी में बिना कपड़ों के नहाता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद बवाल मच गया. ग्रामीण स्कूल पहुंचे, पुलिस को सूचना दी गई और शिक्षा विभाग ने मामले में जांच शुरू कर दी. अब विभाग ने प्रिंसिपल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
यह सरकारी स्कूल अलवर के थानागाजी इलाके में है. 15 अगस्त को यहां स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम हुआ. कार्यक्रम खत्म हुआ तो आरोप है कि स्कूल का प्रिंसिपल छात्र-छात्राओं को लेकर जंगल के रास्ते करीब दो किलोमीटर दूर भड़ाज बांध की तरफ निकल गए. कहा गया कि बच्चों को भ्रमण कराया जाएगा और तैराकी सिखाई जाएगी. यहां करीब 20 से 25 बड़ी छात्राओं के भी मौजूद होने की बात सामने आई है.