बेमेतरा के राशन दुकान में लाखों का गबन, अध्यक्ष-सचिव और सेल्समैन गिरफ्तार

बेमेतरा। जिले में सरकारी राशन के गबन का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत टेमरी की शासकीय उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न के स्टॉक की जांच के दौरान चावल और नमक की बड़ी मात्रा में कमी पाई गई। गबन किए गए खाद्यान्न का शासकीय मूल्य करीब 22 लाख 90 हजार रुपये आंका गया है। मामले में नांदघाट पुलिस ने राशन दुकान समूह की अध्यक्ष, सचिव और सेल्समैन को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, टेमरी की शासकीय राशन दुकान में खाद्यान्न के स्टॉक का सत्यापन किया गया था। जांच के दौरान 527.83 क्विंटल चावल और 21.88 क्विंटल नमक की कमी सामने आई। खाद्यान्न की इतनी बड़ी मात्रा में कमी मिलने के बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। खाद्य निरीक्षक प्राची केशरवानी की शिकायत के आधार पर नांदघाट पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। खाद्यान्न की कमी और शासकीय राशि से जुड़े मामले में संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की गई।

अध्यक्ष, सचिव और सेल्समैन गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राशन दुकान का संचालन करने वाले समूह की अध्यक्ष पुष्पा साहू, सचिव नीरा बाई और सेल्समैन मनीष साहू को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *