रायगढ़। सारंगढ़ के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, बिरयानी खाने के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से पांच दोस्तों ने लूट की योजना बनाई थी। बस स्टैंड में नशे की हालत में सो रहे व्यक्ति को लूटने की कोशिश के दौरान वह जाग गया और विरोध करने लगा। इसी बीच एक नाबालिग ने बटन चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मृतक की जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांटकर चले गए।
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर की सुबह जूटमिल थाना पुलिस को ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष आंकी गई थी। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले थे। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान घटना में 15 से 16 वर्ष के लड़कों के शामिल होने की जानकारी मिली। संदिग्धों के हुलिए के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू और चार नाबालिगों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उन्होंने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे का सामान खरीदने के लिए अक्सर कबाड़ चोरी करते थे। वे शराब के नशे में रहने वाले लोगों के अलावा रात में रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अकेले आने-जाने वालों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बटन चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त की है। मामले में हत्या और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।