सीवान। बिहार के सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना 23 अक्टूबर की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई है। वहीं, लापरवाही के आरोप में जामो बाजार थाना प्रभारी और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सीवान पुलिस के अनुसार, विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। मौके पर जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग, डॉग स्क्वॉड और मेडिकल टीम को बुलाया गया।
घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी सीआई, महाराजगंज को सौंपी गई है।
मेडिकल टीम ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटनास्थल पर लगातार जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महाराजगंज के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। सीवान पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।