भतीजे का अय्याशी बना मौत का कारण, महिला को रोजाना घर लेकर आता था, चाचा ने किया मर्डर

बिलासपुर। जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत लिंगियाडीह में भतीजे की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके सगे चाचा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान धनीराम निषाद उर्फ कुदन (38 वर्ष), पिता मनीराम निषाद, निवासी अपोलो चौक लिंगियाडीह के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सब्जी काटने वाला धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

देर रात घर में मची चीख-पुकार, अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम

पुलिस के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:50 बजे की है। घर में रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए। इसी दौरान रवि निषाद अपने बड़े भाई मीठालाल के कमरे की ओर गया, जहां उसने धनीराम निषाद उर्फ कुदन को हाथ में खून से सना धारदार हथियार लेकर बाहर निकलते देखा।

कमरे के अंदर जाने पर रवि का भतीजा अमित निषाद जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। उसके सीने पर गंभीर चोट थी। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल अमित को 108 एम्बुलेंस से सिम्स अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

महिला मित्र को घर लाने की बात पर होता था विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक अमित निषाद के घर पर अपनी महिला मित्र को लाने को लेकर आरोपी चाचा के साथ अक्सर विवाद होता था। पुलिस ने बताया कि घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान धनीराम निषाद ने सब्जी काटने वाले धारदार हथियार से अमित के सीने पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा, हथियार जब्त

हत्या की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस ने फोरेंसिक टीम, एफएसएल टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद भागने की फिराक में रहे आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार जब्त किया गया।

इस मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1476/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *