रायपुर। कमिश्नरेट पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली टैबलेट निट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) की कुल 353 नग टैबलेट, 290 रुपये नकद, एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन/आईफोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 2 लाख 41 हजार 490 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई 12 अक्टूबर को पुरानी बस्ती और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में की गई।

पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
कुशालपुर में ग्राहक तलाश रहा था आरोपी, दो गिरफ्तार
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर स्थित पहाड़ी तालाब के पास प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे अभय मिश्रा को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैले से निट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) टैबलेट बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, टैबलेट रखने और बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बिलासपुर निवासी एक व्यक्ति से टैबलेट लाने और पुरानी बस्ती निवासी राहुल सिंह ठाकुर उर्फ पंकज ठाकुर को बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने राहुल सिंह ठाकुर को भी गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के कब्जे से 170 प्रतिबंधित टैबलेट, स्कूटी क्रमांक CG 04 NL 8408 और दो मोबाइल फोन/आईफोन जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 1 लाख 68 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 539/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम की धारा 22(ख) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। टैबलेट के स्रोत से जुड़ा एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
देवेंद्र नगर में दो आरोपी पकड़े गए 183 टैबलेट जब्त
दूसरी कार्रवाई देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि मंडी के सामने राम जानकी मंदिर चौक, देवेंद्र नगर रोड के किनारे दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सोमनाथ यादव उर्फ सोमू और पुष्पेंद्र देवांगन को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 183 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट और बिक्री की 290 रुपये नकद राशि जब्त की गई। पुलिस ने जब्त सामग्री की कीमत लगभग 73 हजार 490 रुपये बताई है।इस मामले में थाना देवेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 171/26 के तहत NDPS अधिनियम की धारा 21(बी) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोमनाथ यादव उर्फ सोमू के खिलाफ पहले भी देवेंद्र नगर थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हो चुके हैं। इन मामलों में वह जेल में भी रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
थाना पुरानी बस्ती
1. अभय मिश्रा (23 वर्ष), निवासी मलसाय तालाब के पास, प्रोफेसर कॉलोनी, रायपुर।
2. राहुल सिंह ठाकुर उर्फ पंकज ठाकुर (35 वर्ष), निवासी न्यू कर्मचारी कॉलोनी, कुशालपुर, रायपुर।
थाना देवेंद्र नगर
3. सोमनाथ यादव उर्फ सोमू (39 वर्ष), निवासी गंगा नगर, पंडरी कपड़ा मार्केट, रायपुर।
4. पुष्पेंद्र देवांगन (22 वर्ष), निवासी कपड़ा मार्केट, पंडरी तालाब के पास, रायपुर।