Headlines

बिलासपुर में युवक की हत्या कर शव जंगल में फेंका, पुरानी रंजिश के चलते खूनी अंजाम, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर युवक की हत्या कर दी और शव को छिपाने के उद्देश्य से फदहाखार जंगल में फेंक दिया। मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ओमप्रकाश लहरे के रूप में हुई है। घटना 27 सितंबर 2026 की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच मैट्रिक चौक क्षेत्र में हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते सुनील निर्मलकर उर्फ टाइगर, घनंजय धुरी उर्फ आदि और उनके अन्य साथियों ने मिलकर ओमप्रकाश लहरे पर धारदार हथियार से हमला किया। हमले में युवक की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के उद्देश्य से फदहाखार जंगल में फेंक दिया।

दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त

पुलिस ने 28 सितंबर को मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल और फदहाखार जंगल का निरीक्षण किया। सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पूछताछ और जांच के दौरान हत्या से जुड़े तथ्य सामने आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिरों की मदद से संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सुनील निर्मलकर उर्फ टाइगर और घनंजय धुरी उर्फ आदि शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 703/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) में मामला दर्ज किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य साथियों की भूमिका की जांच भी की जा रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *