बुलंदशहर। बुलंदशहर नगर क्षेत्र के एक गांव से घरेलू विवाद का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर आईफोन खरीदने के लिए परिवार से तीन लाख रुपये मांगने और रकम देने से इनकार करने पर अपनी बुजुर्ग दादी व बुआ के साथ मारपीट करने का आरोप है। घटना के वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है।
बताया जा रहा है कि युवक को कुछ समय पहले ही उसके परिवार वालों ने बाइक दिलाई थी। इसके बाद भी वह लगातार नई मांगें कर रहा था। अब कथित तौर पर वह आईफोन खरीदने के लिए परिजनों से तीन लाख रुपये की मांग कर रहा था। दादी और बुआ ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो विवाद बढ़ गया।
मारपीट का वीडियो वायरल
घटना से जुड़े तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। वीडियो में युवक कथित तौर पर बुजुर्ग महिला और अपनी बुआ के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि उसने दोनों को पहले घर के बाहर पीटा और बाद में घर के अंदर ले जाकर बंधक बना लिया। परिवार के अन्य सदस्यों के हस्तक्षेप के बाद दोनों महिलाओं को मुक्त कराया गया। इसके बाद बुजुर्ग महिला ने ग्रामीणों के सामने रोते हुए अपनी आपबीती बताई। उनका आरोप है कि युवक आए दिन घर में विवाद करता है और छोटी-छोटी बातों पर मारपीट व धमकी देता है।
पुलिस ने वायरल वीडियो का लिया संज्ञान
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों को भी मामले की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा नजर आ रहा है और आईफोन को लेकर युवक द्वारा अपनी दादी और बुआ के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। वायरल वीडियो और सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने और जांच में तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।