रायगढ़/धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार शेख आलम (करीब 40 वर्ष) का सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, 15 सितंबर की शाम करीब 6 बजे धरमजयगढ़ से लगभग 30 किलोमीटर दूर सिसरिंगा-तेजपुर के पास शेख आलम घायल अवस्था में मिले थे। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें रायगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी था। लेकिन रात करीब 10 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
शेख आलम लंबे समय से धरमजयगढ़ में पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान वे कई प्रमुख मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे। हाल के समय में वे एक निजी न्यूज चैनल के लिए संवाददाता के तौर पर कार्यरत थे।सड़क हादसे में उनके असमय निधन की खबर सामने आने के बाद स्थानीय पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और परिचितों ने शोक व्यक्त किया। उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।