राजस्थान। श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर धमाके की घटना से हड़कंप मच गया। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर अज्ञात लोगों ने विस्फोट कर ट्रेन को निशाना बनाने की साजिश रची, लेकिन गनीमत रही कि धमाके से करीब 45 मिनट पहले ही इस ट्रैक से एक पैसेंजर ट्रेन गुजर चुकी थी। घटना में रेलवे ट्रैक के पास लगे सीमेंट के पिलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद रेलवे लाइन पर जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के इलाकों तक सुनाई दी। धमाके के कारण ट्रैक पर मौजूद सीमेंट के कई पिलर बिखर गए। पिलरों के अंदर लगा सरिया बाहर निकल आया और रेलवे ट्रैक पर बिछी गिट्टी भी दूर तक फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक, एटीएस और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर धमाके वाले इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस रेलवे लाइन से गुजरने वाली अनूपगढ़-बठिंडा ट्रेन को निशाना बनाने की साजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि और जांच के नतीजों का इंतजार है।
धमाके के बाद इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोट किसने और किस उद्देश्य से किया। घटना को रेलवे सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है।