अंबिकापुर। शहर के रसूलपुर इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। घर के भीतर चल रही बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान बसीरउद्दीन उर्फ लज्जू के रूप में हुई है। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए ICU में भर्ती किया गया है।बताया जा रहा है कि बुधवार को तीन लोग किसी चर्चा के सिलसिले में घर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान किसी मुद्दे को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और तीनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान उनमें से एक व्यक्ति ने कथित तौर पर चाकू निकालकर बसीरउद्दीन पर हमला कर दिया।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों की ओर से यह भी दावा किया गया कि तीनों में से एक व्यक्ति के पास बंदूक मौजूद थी। हालांकि, बंदूक होने की बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस विवाद की असली वजह पता लगाने के साथ ही घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीमों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल घायल बसीरउद्दीन का निजी अस्पताल के ICU में उपचार जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।