जशपुर। जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जशपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने बाजार डांड में जुआ खेलते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जुआ फड़ से ₹13,170 नकद, 52 पत्ती ताश और एक चटाई जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:51 बजे सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बाजार डांड में कुछ लोग चटाई बिछाकर ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे तीन लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आशिफ अंसारी (30 वर्ष), निवासी करबला रोड जशपुर; रियाज कुरैशी (45 वर्ष), निवासी आजाद मोहल्ला, करबला रोड जशपुर; और अजमत खान (35 वर्ष), निवासी रक्षित कॉलोनी जशपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुआ फड़ की रकम ₹13,170, 52 पत्ती ताश और एक चटाई जब्त की है। तीनों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।