साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, विधायक अजय चंद्राकर ने जागरूकता की एक सेल्फी ली

धमतरी। प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय धमतरी के ऐतिहासिक एकलव्य खेल परिसर परेड ग्राउंड में आयोजित ध्वजारोहण समारोह के पश्चात मुख्य अतिथि एवं कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने इस अभियान के अंतर्गत “जागरूकता की एक सेल्फी” लेकर जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।प्रदेश स्तरीय अभियान का शुभारंभ राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं माननीय उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा द्वारा किया गया है।

इसी क्रम में धमतरी जिले में भी अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जा रहा है। “जागरूकता की एक सेल्फी” बनेगी साइबर सुरक्षा का संदेशमुख्य अतिथि अजय चंद्राकर ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ “साइबर जागृति की एक सेल्फी” लेकर आम नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश की स्वतंत्रता के लिए पूरा राष्ट्र एकजुट हुआ था, उसी भावना के साथ साइबर अपराध के विरुद्ध भी समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना होगा।अभियान की मुख्य थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” है। नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर उपलब्ध लिंक अथवा QR Code के माध्यम से जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर सकते हैं। इस पहल के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश उनके मित्रों, फॉलोअर्स और अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा।🛡️ *सात सप्ताह, सात प्रमुख साइबर सुरक्षा विषय*धमतरी पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक अभियान के दौरान विभिन्न वर्गों एवं संस्थानों को केंद्रित करते हुए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे—▪️ प्रथम सप्ताह – डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी साइबर सुरक्षास्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।▪️ द्वितीय सप्ताह – वित्तीय धोखाधड़ी एवं UPI सुरक्षाबैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के माध्यम से ऑनलाइन लेनदेन में सावधानियों की जानकारी दी जाएगी।▪️ तृतीय सप्ताह – डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी कॉलवरिष्ठ नागरिकों के लिए टाउन हॉल एवं विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।▪️ चतुर्थ सप्ताह – स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउज़िंगमहिला कॉलेजों एवं सामुदायिक समूहों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।▪️ पंचम सप्ताह – जॉब फ्रॉड एवं फिशिंग से बचावरोजगार कार्यालय, आईटीआई एवं कौशल विकास केंद्रों में युवाओं को जागरूक किया जाएगा।▪️ षष्ठम सप्ताह – डेटा प्राइवेसी एवं सोशल मीडिया सुरक्षासोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

सप्तम सप्ताह – “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” का संकल्पग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर सामूहिक संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सोशल मीडिया से लेकर चौक-चौराहों तक पहुंचेगा साइबर सुरक्षा का संदेश अभियान के दौरान धमतरी पुलिस की टीमों एवं स्थानीय थाना पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, बाजारों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर पोस्टर, बैनर एवं QR Code के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं विभिन्न व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से अभियान की लिंक और जागरूकता सामग्री अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।

“साइबर सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी”मुख्य अतिथि एवं कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराध के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

नागरिक अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग एवं वित्तीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा किसी भी साइबर ठगी या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।“जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

”02 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन“

साइबर जागृति अभियान” का समापन 02 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के अवसर पर किया जाएगा।

इस अवसर पर साइबर अपराध से सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” का संकल्प लिया जाएगा।“जागरूक बनें, सुरक्षित रहें – साइबर अपराध के विरुद्ध एकजुट हों।”इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक कुरूद अजय चंद्राकर, महापौर नगर निगम धमतरी,जिला पंचायत अध्यक्ष,अन्य जन प्रतिनिधि,कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी पुलिस अधीक्षक धमतरी डीएफओ,सीईओ जिला पंचायत,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक,अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, एसडीएम,धमतरी सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण, पूर्व जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक,जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने अपना सेल्फी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *