दंतेवाड़ा। गीदम थाना क्षेत्र में जादू-टोना करने के शक में करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा समेत अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए गए हैं। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला समलूर गांव के उईकापारा का है। यहां निवासी सुखराम सोढ़ी (लगभग 65 वर्ष) की 9 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर गीदम पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के चेहरे, गाल, कान और माथे पर चोट के निशान मिले, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बुजुर्ग की मौत कठोर एवं कुंद वस्तु से चोट लगने के कारण हुई है। इसके बाद गीदम थाने में अपराध क्रमांक 76/2026 दर्ज कर धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या की विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि मृतक पर कथित तौर पर जादू-टोना करने का शक किया जाता था। इसी बात को लेकर कुछ लोगों में उसके प्रति नाराजगी थी। आरोप है कि इसी शक के चलते हत्या की योजना बनाई गई और बुजुर्ग को मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान तीन आरोपियों की कथित संलिप्तता सामने आई। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए।
पुलिस ने मामले में धनीराम भोगामी उर्फ मोटू, बिनेश सोढ़ी और मंगतू सोढ़ी को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को आज दंतेवाड़ा कोर्ट के सामने में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।