दुर्ग में गांजा खपाने की थी योजना, महासमुंद पुलिस ने तस्कर को पकड़ा

महासमुंद। ऑपरेशन निश्चय के तहत कोमाखान पुलिस ने टेमरी जांच नाके पर कार्रवाई करते हुए बाइक से गांजा तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.440 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2.72 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक टेमरी जांच नाके के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बाइक से ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ में गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाके पर निगरानी बढ़ा दी।

इसी दौरान एक बाइक आती दिखाई दी। बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति पुलिस को देखते ही चलती बाइक से कूदकर मौके से फरार हो गया। बाइक चालक ने भी भागने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ी में बाइक गिर जाने के कारण वह भाग नहीं सका। पुलिस टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम रामचरण उर्फ यश ठाकुर (24 वर्ष) निवासी पीसेगांव, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग बताया। उसने फरार साथी का नाम रोशन निषाद उर्फ विक्की, निवासी चंदखुरी, दुर्ग बताया। पुलिस के अनुसार दोनों कांटाबांजी, ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग में खपाने की योजना में थे। बाइक की तलाशी लेने पर 5.440 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल बिना नंबर की पल्सर बाइक और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है। मामले में कोमाखान थाने में अपराध क्रमांक 151/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(B)(II)(B), 29 में अपराध दर्ज किया गया है। फरार आरोपी रोशन निषाद उर्फ विक्की की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *