200 जवानों ने रायपुर नाका उड़िया बस्ती, सुपेला और खुर्सीपार में चलाया विशेष चेकिंग अभियान

दुर्ग। अपराधों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दुर्ग पुलिस ने 28 अक्टूबर की सुबह जिले के दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुविभाग में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग बस्तियों में घर-घर जाकर रहवासियों से पूछताछ की और उनके रिकॉर्ड की जांच की। अभियान के दौरान दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर वारंट तामील किए गए।

पुलिस के अनुसार, यह अभियान मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, संदिग्ध वस्तुओं और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के साथ पूर्व अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से चलाया गया।

इन इलाकों में हुई चेकिंग

अभियान के तहत रायपुर नाका स्थित उड़िया बस्ती और पदमनाभपुर में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग भारती मरकाम के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। वहीं, अटल आवास में नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर निशांत पाठक तथा अटल आवास देवार बस्ती, खुर्सीपार में उप पुलिस अधीक्षक यातायात विशाल सोन के नेतृत्व में चेकिंग की गई।

इस दौरान रहवासियों से पूछताछ कर रिकॉर्ड खंगाले गए। संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। खुर्सीपार स्थित अटल आवास देवार बस्ती में कार्रवाई के दौरान दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर वारंट तामील किए गए।

200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल

इस विशेष अभियान में तीन राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न थाना-चौकियों के पुलिस बल के साथ एएनटीएफ, एसीसीयू, यातायात पुलिस और रक्षित केंद्र दुर्ग के लगभग 200 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। दुर्ग पुलिस के अनुसार, अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *