Headlines

ससुराल में मारपीट कर रहे दामाद की हुई हत्या

फतेहपुर। फतेहपुर जिले के ओंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव में बुधवार रात पारिवारिक विवाद के चलते सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां दामाद ने अपनी ससुराल में सो रहे पांच लोगों पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ग्रामीणों और परिजनों द्वारा आत्मरक्षा में आरोपी को घेरने के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी पवन कुमार का पत्नी से करीब चार साल से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद उसकी पत्नी बच्चों को लेकर गुजरात चली गई थी। पवन का आरोप था कि पत्नी और ससुराल वाले उसे बच्चों से बात नहीं करने देते थे। इसी बात को लेकर वह काफी तनाव में रहता था।

बुधवार शाम पवन अपने बड़े साले राजू (55) को बेटे की शादी के लिए लड़की दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया था। कुछ घंटे बाद पवन अकेले वापस आया। पूछने पर उसने बताया कि राजू गांव में ही हैं। इसके बाद पवन ने ससुराल में खाना खाया और सो गया। रात करीब 2 बजे पवन ने सो रहे अपने साले के तीन बेटों गोरे, प्रदीप और खाटू उर्फ राजकरन पर तलवार से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर बचाव के लिए पहुंचे छोटे साले राजेश और उसकी पत्नी बुद्धा पर भी उसने धारदार हथियार से वार कर दिया। घटना में पांचों गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने पवन को घेर लिया और उसके हाथ से हथियार छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान हुई मारपीट में पवन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, रात करीब 3:15 बजे घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पवन मृत अवस्था में मिला, जबकि पांच घायल परिजन पड़े थे। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिजनों और ग्रामीणों ने आत्मरक्षा के दौरान पवन से हथियार छीनने का प्रयास किया था। इसी दौरान वह गंभीर रूप से घायल हुआ और उसकी मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद से पवन का बड़ा साला राजू लापता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *