बलौदाबाजार। जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में 17 सितंबर की संध्या 7 बजे पूरे जिले में ग्रामीण और शहरी स्तर पर एक साथ दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में दीया वितरण का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है।
बलौदाबाजार स्थित चौपाटी (तालाब परिसर) में मुख्य आयोजन होगा। यहाँ तालाब के चारों ओर दीप प्रज्वलन के लिए अलग-अलग सेक्टर गठित किए गए हैं।
सभी जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों के साथ-साथ शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी सामूहिक रूप से दीये जलाए जाएंगे। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एवं सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल ने बताया कि इस पहल को जन-जन तक पहुँचाने के लिए गाँवों में मुनादी कराई जा रही है, ताकि हर नागरिक इस अभियान का हिस्सा बन सके।गाँव से लेकर शहर तक ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं और ग्रामीणों के बीच दीयों का वितरण निर्बाध रूप से जारी है।