Headlines

हाईवे पर डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। हाईवे पर खड़े ट्रेलरों और भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का जूटमिल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों सुनील कुमार केवट (30) निवासी खम्हरिया, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा और संदीप कुमार डहरिया (34) निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया है।

दोनों को 12 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत 3 फरवरी 2026 को हुई थी। अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने एनएच-49 किनारे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थी। वाहन में सवार लोग मौके से फरार हो चुके थे।

तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 10 लीटर डीजल से भरी जरिकेन, करीब दो मीटर लंबा प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, दो मोबाइल फोन और अलग-अलग नंबरों की नंबर प्लेट बरामद हुई।

जांच में सामने आया फर्जी नंबर प्लेट का खेलपुलिस जांच में पता चला कि स्कॉर्पियो पर लगा CG-04-BT-0664 नंबर परिवहन विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज ही नहीं था। वहीं वाहन के अंदर मिली CG-12-BT-6416 नंबर प्लेट की जांच करने पर वाहन मधुर निर्मलकर निवासी तुलसीनगर, कोरबा के नाम पंजीकृत मिला।

पूछताछ और किरायानामा की जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो को 30 दिसंबर 2025 को पुरुषोत्तम यादव निवासी बगडबरी, जिला जांजगीर-चांप को 45 हजार रुपये मासिक किराये पर दिया गया था।

ट्रेलर चालक के जागने पर भागे आरोपी

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव के कहने पर उन्होंने स्कॉर्पियो की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी। इसके बाद संदीप कुमार डहरिया, सुनील कुमार केवट, शिव कुमार रजक और कुलदीप साण्डे रायगढ़ आए और हाईवे पर खड़े ट्रेलरों से डीजल चोरी करने लगे।एक वारदात के दौरान ट्रेलर चालक के जागने और शोर मचाने पर आरोपी स्कॉर्पियो से तेजी से भागने लगे।

इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर एनएच-49 किनारे पलट गया। आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए थे।

मुख्य आरोपी पहले से बिलासपुर जेल में बंदपुलिस के मुताबिक गिरोह का मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव (48) वर्तमान में एक अन्य मामले में केंद्रीय जेल बिलासपुर में बंद है। उसके खिलाफ कोरबा जिले के अलग-अलग थानों में चोरी सहित पांच प्रकरण दर्ज होना पाया गया है। वह थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के अपराध क्रमांक 368/2026 के मामले में 26 जून 2026 से जेल में निरुद्ध है।जूटमिल पुलिस ने न्यायालय से उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति लेकर प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया है। उसे बिलासपुर केंद्रीय जेल से रायगढ़ लाकर पूछताछ की जाएगी।

वहीं गिरोह के फरार सदस्य शिव कुमार रजक और कुलदीप साण्डे की तलाश जारी है।जूटमिल थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 46/2026 के तहत धारा 336(3), 338, 340(2), 287 बीएनएस एवं 3/7 ईसी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से हाईवे पर भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का नेटवर्क सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *