रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘हमर पहुंना’ में आज सोनी टीवी के लोकप्रिय डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ के विजेता रितेश पाल शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन आज दोपहर 1:30 बजे रायपुर प्रेस क्लब में किया जाएगा।
रितेश पाल के कार्यक्रम में पहुंचने को लेकर डांस और मनोरंजन से जुड़े लोगों में खास उत्साह है। इस दौरान वे मीडिया से रूबरू होंगे और अपने डांस सफर, संघर्ष तथा ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ के अनुभवों को साझा करेंगे।
रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुंना’ कार्यक्रम के माध्यम से शहर की प्रतिभाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली हस्तियों से संवाद का अवसर मिलता है। रितेश पाल के साथ होने वाला यह संवाद भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
कभी सलून में बाल काटता था रितेश पाल
महज 19 साल के रितेश पाल छत्तीसगढ़ के रायपुर में त्रिमूर्ति नगर में रहते हैं। रितेश राघव जुयाल को अपना आइडल मानते हैं। मनीष चंदानी और प्रतीक उतेकर रितेश के डांस कोरियोग्राफर रहे हैं। रितेश आज जिस मुकाम पर हैं, यह उन्हें रातो-रात नहीं मिला है, वह एक बहुत साधारण परिवार से आते हैं और अपना सपना पूरा करने के लिए उनके पास पर्याप्त पैसे भी नहीं हुआ करते थे। रितेश अपनी पॉकेट मनी निकालने के लिए अपने भाई के साथ रविवार को सलून में बाल काटने का काम किया करते थे। उनके सपने को पूरा करने में उनके इस टैलेंट का भी बड़ा हाथ रहा है।
क्योंकि परिवार की आर्थिक हालत अच्छी नहीं थी, ऐसे में रितेश की फैमिली नहीं चाहती थी कि वह डांस में करियर बनाएं। क्योंकि इसमें उन्हें उतना स्कोप नजर नहीं आता था और उन्हें लगता था कि रितेश वक्त ही बर्बाद कर रहे हैं। शुरुआत में रितेश के डांस करने के फैसले का परिवार में काफी विरोध हुआ था। हालांकि उनकी दादी ने उन्हें पूरा सपोर्ट किया। बाद में धीरे-धीरे पूरा परिवार रितेश के टैलेंट को देखते हुए उन्हें सपोर्ट करने लगा और आज पूरे परिवार को इस बात पर गर्व हैं कि उनके घर का बेटा एक चमकता सितारा बन चुका है।