दुर्ग। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हथखोज बाईपास रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कथित रूप से गांजा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.520 किलोग्राम गांजा और बिक्री की नगदी रकम 700 रुपये जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 76,700 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना मिलने पर टीम ने हथखोज बाईपास रोड क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान रितेश अहिरवार उर्फ केम्मा (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 01, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया गया।
गांजा और बिक्री की रकम जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.520 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 76,000 रुपये है, बरामद किया। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 700 रुपये की नगदी भी जब्त की गई। इस तरह जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 76,700 रुपये है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 610/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं 27(क) में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।