धमतरी। जिले में अवैध शराब के क्रय-विक्रय और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूटी से अवैध देशी शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शराब और स्कूटी समेत कुल 83,300 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली पुलिस टीम लाल बगीचा दुकान चौक के पास चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब की कीमत 3,300 रुपये और परिवहन में इस्तेमाल स्कूटी की कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी है। इस तरह कुल 83,300 रुपये का सामान जब्त किया गया।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुजराम यादव (50 वर्ष), निवासी लाल बगीचा वार्ड, धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 246/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।